Home देश हार के बावजूद मिस्बाह ने खिलाड़ियों को सराहा

हार के बावजूद मिस्बाह ने खिलाड़ियों को सराहा

दुबई ।। पाकिस्तान के कप्तान मिस्बाह उल हक ने श्रीलंका से मिली हार के बावजूद अपनी टीम के साथी खिलाड़ियों के जज्बे की सराहना की है। दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार को खेले गए पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के दूसरे मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 25 रनों से हरा दिया। इस मुकाबले में पाकिस्तानी टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय 11 रन के कुल योग पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे।

वेबसाइट ‘क्रिक इंफो डॉट कॉम’ ने मिस्बाह के हवाले से लिखा है, “मुझे लगता है कि शुरुआत में जल्दी-जल्दी तीन विकेट गंवाने के बाद हम पर दबाव आ गया था लेकिन इसके बावजूद अन्य बल्लेबाजों ने अंत तक हार नहीं मानी। शुरुआती विकेट गंवाने के बाद जिस प्रकार खिलाड़ियों ने संघर्ष किया उससे मैं खुश हूं।”

उल्लेखनीय है कि इस श्रृंखला का पहला मैच पाकिस्तानी टीम ने आठ विकेट से अपने नाम किया था। अब दोनों टीमें एक-एक की बराबरी पर हैं। वेबसाइट के मुताबिक मिस्बाह ने कहा, “वास्तव में युवा खिलाड़ी प्रदर्शन कर रहे हैं।”

Rate this post

NO COMMENTS