मीरपुर (ढाका) ।। बांग्लादेशी क्रिकेट टीम के कप्तान मुशफिकुर रहीम ने पहले एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले में वेस्टइंडीज के हाथों मिली हार की वजह खराब विकेट को बताया है। मुशफिकुर का कहना है कि मंगलवार को खेले गए ट्वेंटी-20 मुकाबले जैसा यह विकेट नहीं था।
शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए पहले एकदिवसीय मुकाबले में वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश को 40 रनों से हरा दिया। इसके साथ ही वेस्टइंडीज ने तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली।
समाचार पत्र ‘द डेली स्टार’ ने मुशफिकुर के हवाले से लिखा है, “हमारी मुख्य ताकत स्पिन गेंदबाज हैं, विशेषकर घरेलू परिस्थितियों में। जिस विकेट पर हमने ट्वेंटी-20 मैच खेला था दुर्भाग्यवश यह विकेट उसके जैसा नहीं था। स्पिन गेंदबाजों को बिल्कुल भी टर्न नहीं मिल रहा था। यह विकेट बल्लेबाजों के अनुकूल था। इससे पहले, हम जब भी घर में खेले, हमारे स्पिन गेंदबाजों को अतिरिक्त लाभ मिला है लेकिन आज के मैच में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ।”
उल्लेखनीय है कि इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज लेंडल सिमंस की 122 रनों की शानदार पारी की बदौलत निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट पर 298 रन बनाए थे। इसके जवाब में बांग्लादेश की टीम सात विकेट पर 258 रन ही बना सकी।
पत्र के मुताबिक मुशफिकुर ने कहा, “हमने क्षेत्ररक्षण करते समय मैदान पर कई गलतियां की। मैच के शुरुआत में हमारे तेज गेंदबाज विपक्षी टीम का विकेट जल्दी झटकने में असफल रहे। स्पिन गेंदबाज पिच से मदद नहीं मिलने की वजह से हत्सोसाहित हो गए थे।”