Home देश टीम के प्रदर्शन से खुश हैं सैमी

टीम के प्रदर्शन से खुश हैं सैमी

चटगांव ।। कप्तान डेरेन सैमी का कहना है कि बांग्लादेश के खिलाफ दो एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मुकाबलों में जीत दर्ज करने के बाद वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के ड्रेसिंगरूम का माहौल काफी अच्छा हो गया है।

बांग्लादेश दौरे पर वेस्टइंडीज की टीम तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला में 2-0 से आगे है।

सैमी ने सोमवार को कहा, “हमारे बल्लेबाज रन बना रहे हैं और वह आत्मविश्वास से लबरेज हैं। हमारे गेंदबाज इस वर्ष अच्छे प्रदर्शन करते आए हैं और उनका शानदार प्रदर्शन अब भी जारी है।”

श्रृंखला का तीसरा और अंतिम एकदिवसीय मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा। सैमी ने कहा, “वैसे खेल के किसी भी विभाग में हमेशा सुधार की गुंजाइश रहती है। टीम के खिलाड़ी एक-दूसरे से इस बात को लेकर चर्चा करते हैं कि कैसे बढ़िया से बढ़िया प्रदर्शन किया जा जाए। जिससे साफ जाहिर होता है कि सबका ध्यान आगामी मुकाबलों पर है।”

उल्लेखनीय है कि पिछले दोनों एकदिवसीय मुकाबलों में वेस्टइंडीज की टीम ने जीत दर्ज करने के लिए महज छह विकेट ही गंवाए हैं।

सैमी ने कहा, “टीम के शानदार प्रदर्शन का श्रेय उन खिलाड़ियों को जाता है जिन्होंने कड़ी मेहनत की है। कोच ने पेशेवर तरीके से टीम को सम्भाला है।”

शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला गया पहला मुकाबला वेस्टइंडीज की टीम ने 40 रनों से जीता था जबकि दूसरा मैच उसने आठ विकेट से अपने नाम किया था।

कैरेबियाई टीम के कप्तान का कहना है कि श्रृंखला में अजेय होने के बावजूद उनकी टीम संतुष्ट नहीं है। सैमी का कहना है कि उनकी टीम की नजरें श्रृंखला को क्लीन स्वीप करने पर लगी हुई है।

उन्होंने कहा, “अभी हमें और कार्य करना है। यदि हम श्रृंखला 3-0 से जीतने में कामयाब हो जाते हैं तो हमें इससे चार रैंकिंग अंक अर्जित होंगे जो हमारे लिए महत्वपूर्ण है। यदि हम इस श्रृंखला को 2-1 से जीतते हैं तो हमें एक भी अंक हासिल नहीं होगा।”

Rate this post

NO COMMENTS