Home देश मैच विजेता खिलाड़ी हैं रज्जाक : अफरीदी

मैच विजेता खिलाड़ी हैं रज्जाक : अफरीदी

एडिलेड ।। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा है कि उनके साथी हरफनमौला खिलाड़ी अब्दुल रज्जाक मैच विजेता खिलाड़ी हैं। अफरीदी और रज्जाक इन दिनों बिगबैश लीग ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए आस्ट्रेलिया में हैं। इस टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ी मेलबर्न रेनेगेड्स टीम का हिस्सा हैं।

टूर्नामेंट की आधिकारिक वेबसाइट ‘बिगबैश डॉट कॉम डॉट एयू’ के मुताबिक अफरीदी ने कहा, “इसमें कोई संदेह नहीं कि रज्जाक सर्वश्रेष्ठ हरफनमौला खिलाड़ियों में से एक हैं। मैंने उनके साथ 14-15 वर्ष तक क्रिकेट खेली है। वह असली मैच विजेता खिलाड़ी हैं।”

इस टूर्नामेंट में मेलबर्न रेनेगेड्स टीम अपना पहला मैच रविवार को एडिलेड स्ट्राइकर्स टीम के साथ खेलेगी। वेबसाइट के मुताबिक अफरीदी ने अपनी तैयारियों के बारे में कहा, “हाल में बांग्लादेश और श्रीलंका के साथ खेली गई श्रृंखला में हमने अच्छा प्रदर्शन किया है।”

“मेरे लिए तैयारी करने का यह अच्छा मौका है। मुझे इस दौरान अभ्यास करने का मौका मिलेगा और कुछ अच्छे और कठिन क्रिकेट खेलने को मिलेंगे। इसके बाद इंग्लैंड के साथ खेली जाने वाली घरेलू श्रृंखला में मैं हिस्सा लूंगा।”

उल्लेखनीय है कि रज्जाक इस समय कंधे की चोट से परेशान हैं और उनका पहले मुकाबले में खेलना तय नही है। अफरीदी ने अपनी टीम के बारे में कहा, “मुझे लगता है कि हमारी टीम अच्छी है। हमने आज अभ्यास किया। मुझे लगता है कि हमारी टीम संतुलित है और उसमें प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं।”

Rate this post

NO COMMENTS