Home देश एक महीने बाद वापसी के बारे में निर्णय लूंगा : अफरीदी

एक महीने बाद वापसी के बारे में निर्णय लूंगा : अफरीदी

कराची ।। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी का कहना है कि वह एक महीने बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के बारे में अंतिम निर्णय लेंगे।

अफरीदी की कप्तानी में पाकिस्तानी टीम इस वर्ष विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब हुई थी। विश्व कप के बाद अफरीदी ने यह कहते हुए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था कि उनके साथ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अच्छा व्यवहार नहीं किया।

अफरीदी ने कहा, “संन्यास से बाहर आने को लेकर मेरे ऊपर प्रशंसकों और दोस्तों का भारी दबाव है लेकिन अभी मैं कुछ चीजों में सुधार होने का प्रतीक्षा करूंगा। मुझे अपने फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए कम से कम एक महीने का समय लगेगा।”

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी टीम 18 अक्टूबर से श्रीलंका के साथ संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में श्रृंखला खेलने वाली है।

अफरीदी इस समय घरेलू क्रिकेट में ट्वेंटी-20 चैम्पियनशिप में कराची डॉल्फिंस टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।

अफरीदी ने कहा, “मैं इस समय ट्रेनिंग के दौरान अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी में सुधार करने पर पूरा ध्यान दे रहा हूं।”

Rate this post

NO COMMENTS