यूं तो घरों में या सुबह की सैर पर जाते हुए कई लोग आपको शॉर्ट्स या बरमूडा पहने दिख जाएंगे, लेकिन इस ड्रेस को आप आसानी से कॉलेज या सामान्यतौर पर बाजार में भी पहनकर घूम सकती हैं। यह ट्रेंडी तो है ही इसके अलावा यह आपको कूल लुक भी देता है। विशेषकर बारिश के मौसम में ये आरामदायक तथा शानदार परिधान है। इसे चाहें तो आप टी-शर्ट के साथ पहनें या फिर शॉर्ट टॉप और कुर्ते के साथ, इससे मैचिंग करना बहुत आसान है।
ब्राण्ड्स – शॉर्ट्स या बरमूडा पैंट या खाली बरमूडा के नाम से जाना जाने वाला ये परिधान सामान्यतः कॉटन से ही बनाया जाता है, लेकिन फैशन डिजाइनर्स ने अब डेनिम तथा सिंथेटिक मिक्स मटेरियल से भी इन्हें बनाना शुरू कर दिया है। ब्राण्डेड कंपनियों ने तो बाकायदा इनकी एक फुल रेंज बाजार में लांच की है, जिनकी कीमत लगभग हजार रुपए से शुरू होती है। वैसे एक सामान्य बरमूड़ा आप डेढ़ सौ रुपए खर्च करके भी पा सकती हैं।
मैचिंग – जहां तक बात बरमूड़ा के साथ मैचिंग की है तो आप शिफॉन टॉप, कॉटन शर्ट, जॉर्जेट टॉप तथा टी-शर्ट आदि कुछ भी इसके साथ पहन सकती हैं। बारिश के लिहाज से चटक रंगों वाले शिफॉन तथा जॉर्जेट के टॉप ज्यादा अच्छे लगेंगे। इनमें भी स्लीवलेस या हाल्टर नेक टॉप एक अलग ही लुक देंगे।
इनके साथ आप स्पोर्ट्स शूज के अलावा रंग-बिरंगी चप्पलें या फ्लेट सैंडल्स भी पहन सकती हैं। साथ ही वुडन, बीड्स या प्लास्टिक ज्वेलरी भी खूब मैच होगी। बारिश के दिनों में इन्हें पहनने से आपको कपड़ों के ज्यादा गंदे होने का डर भी नहीं रहेगा। साथ ही ये स्मार्ट भी दिखेंगे। कॉलेज से लेकर शॉपिंग पर जाने तक आप इन्हें ट्राय कर सकती हैं और घर में तो ये आसानी से पहने ही जा सकते हैं।
सलेक्सन – इनमें लूज फिट, कंफर्ट फिट तथा बॉडी फिट जैसे विकल्प होंगे, जिनमें से आप मनचाहा चुन सकती हैं। आमतौर पर बरमूड़ा घुटनों तक की लेंथ में आता है, लेकिन आप चाहें तो लूज फिट में थोड़ा और छोटा, नेकरनुमा बरमूडा भी ट्राय कर सकती हैं।