वाशिंगटन ।। भारतीय निर्देशक तारसेम सिंह की 3डी फिल्म ‘इमॉर्टल्स’ ने अमेरिका में रिकॉर्ड व्यवसाय किया है। उत्तर अमेरिका में 3,112 स्थानों पर प्रदर्शित हुई इस फिल्म ने 3.22 करोड़ डॉलर की कमाई की है। वहीं 35 अन्य देशों से फिल्म ने 3.8 करोड़ डॉलर का व्यवसाय किया है।
रिलेटिव मीडिया के वर्ल्डवाइड डिस्ट्रिब्यूशन की अध्यक्ष काइली डेवीस का कहना है कि फिल्म 11 नवंबर को प्रदर्शित हुई थी और इसने व्यवसाय के मामले में अमेरिकी बॉक्सऑफिस पर शीर्ष स्थान हासिल किया है। यह इस साल की सबसे ज्यादा आर-रेटेड एक्शन फिल्म बन गई है। इसके बाद ‘द हैंगोवर 2’ 8.59 करोड़ डॉलर का व्यवसाय कर दूसरे स्थान पर है और ‘पैरानॉर्मल एक्टिविटी 3’ 5.26 करोड़ डॉलर का व्यवसाय कर तीसरे स्थान पर है।
‘इमॉर्टल्स’ किसी उपन्यास या पूर्व फिल्म पर आधारित नहीं है।
सिनेमाघरों से फिल्म देखकर निकलने वाले दर्शकों से उनकी उम्र पूछे जाने पर पता चला है कि इस फिल्म को 75 प्रतिशत दर्शक 35 साल से कम उम्र के मिले जबकि 35 व इसके अधिक उम्र के दर्शकों की संख्या 25 प्रतिशत थी।