Home देश अमेरिका तय समय में हवाई ठिकाना खाली करेगा : पाक

अमेरिका तय समय में हवाई ठिकाना खाली करेगा : पाक

इस्लामाबाद ।। पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने कहा कि अमेरिका शम्सी हवाई ठिकाना सरकार द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अंदर खाली कर देगा। मलिक ने बुधवार को कहा, “हम आशा कर रहे हैं कि सरकार द्वारा निर्धारित समय के अंदर अमेरिका शम्सी हवाई ठिकाना खाली कर देगा।”

26 नवंबर के नाटो हमले में 24 सैनिकों के मारे जाने के बाद पाकिस्तान ने हवाई ठिकाना खाली करने के लिए अमेरिका को 11 दिसबंर तक का समय दिया था।

अमेरिका करीब एक दशक से इस ठिकाने का इस्तेमाल अफगानिस्तान में आतंकवाद निरोधी कार्रवाईयों के संचालन एवं पाकिस्तान के कबायली इलाकों में ड्रोन हमलों के लिए कर रहा था।

मलिक ने कहा कि सरकार, विपक्षी दलों एवं पाकिस्तान की जनता द्वारा ड्रोन हमलों की निंदा की गई है।

एजेंसी ने मंत्री के हवाले से बताया, “अमेरिका को पाकिस्तानी जनता की चिंताओं पर ध्यान देना चाहिए और ड्रोन हमलों को बंद करना चाहिए। क्योंकि यह लोगों की भावनाओं के विरुद्ध है।”

अमेरिका ने रविवार को शम्सी हवाई ठिकाना खाली करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।

Rate this post

NO COMMENTS