Home देश युवाओं को आतंकवाद से दूर रखने में हमारी मदद करें : जरदारी

युवाओं को आतंकवाद से दूर रखने में हमारी मदद करें : जरदारी

इस्लामाबाद ।। पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा है कि उनका देश युवाओं को आतंकवादी सोच रखने वालों से दूर रखने के लिए गरीबी और अन्य आर्थिक विषमताओं से उबरने में मदद चाहता है।

जरदारी ने ब्रिटेन के सहायक विदेश मंत्री डगलस अलेक्जेंडर के साथ मुलाकात के दौरान मंगलवार को कहा कि गरीबी, अवसरों के अभाव और अभाव की भावना उन मुख्य कारणों में हैं, जो युवाओं को आतंकवाद की ओर ले जाने में योगदान करते हैं।

जरदारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को चाहिए कि वह उन सभी देशों की मदद करे जो आतंकवादी सोच को बढ़ावा देने वाले मूल कारणों से उबरने के लिए जूझ रहे हैं।

जरदारी ने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अपनी अपार कुर्बानियों के लिए शाबासी की उम्मीद रखता है। उन्होंने कहा, “हम अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से चाहते हैं कि वह हमारे व्यापार को मौका दे और युवाओं के लिए आर्थिक अवसरों को तैयार करने और उन्हें आतंकवादियों से दूर रखने में हमें मदद करे।”

जरदारी ने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारी कीमत चुकाई है और आतंकवाद की समाप्ति तक यह इस संघर्ष को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

Rate this post

NO COMMENTS