Home देश टीवी पर गद्दाफी का शव देखकर उनकी पुत्री बीमार

टीवी पर गद्दाफी का शव देखकर उनकी पुत्री बीमार

अल्जीयर्स ।। लीबिया के पूर्व शासक कर्नल मुअम्मार गद्दाफी की पुत्री आयशा अपने पिता के शव की तस्वीरे टेलीविजन पर देखने और अपने भाई मुत्तासिम की मौत की खबर मिलने के बाद से बीमार पड़ गई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।

समाचार एजेंसी एकेआई के अनुसार दिवंगत लीबियाई पूर्व शासक की 34 वर्षीया पुत्री आयशा को गुरुवार को उनके पिता के शव की तस्वीरे टीवी पर देखने के बाद बीमार पड़ने के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

आयशा को उनकी बेपनाह खूबसूरती के कारण उत्तरी अफ्रीका की क्लाउडिया शिफर कहकर पुकारा जाता है। आयशा गत 30 अगस्त को अपने दो भाइयों हनीबाल और मोहम्मद तथा उनके परिवारों के साथ अल्जीरिया आ गई थीं। उन दिनों लीबिया में जारी विरोध प्रदर्शनों को छह महीने हो चुके थे।

अल्जीरिया का कहना है कि उसने मानवीय आधार पर गद्दाफी के परिजनों को शरण दे दी है।

गद्दाफी के रक्तरंजित शव के गिर्द खुशियां मनाते सैनिकों की तस्वीरे दुनिया भर में प्रसारित की गईं। लीबिया की अंतरिम सरकार के सैनिकों ने गद्दाफी के गृहनगर सिरते पर कब्जा कर लिया था और उसके बाद उनकी हत्या कर दी थी।

गद्दाफी कथित तौर पर एक नाले में छुपे हुए थे और उनके आखिरी अल्फाज थे, “गोली मत मारो, मैंने तुम्हारा क्या बिगाड़ा है।”

Rate this post

NO COMMENTS