इस्लामाबाद, Hindi7.com ।। पाक सेना का कहना है कि कराची में नौसेना के ठिकाने पर हुए हमले के आरोप में नौसेना के तीन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरु कर दी गई है। एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के मुताबिक, कराची में नौसेना के मेहरान बेस पर हुए हमले की जांच पूरी कर ली गई है और अब जांच में दोषी पाए गये लोगों की सजा मुकर्रर की जाएगी।
गौरतलब है कि 22 मई को कुछ हमलावरों ने कराची स्थित नौसेना के मेहरान बेस में घुस कर हमला किया था, जिसमें 10 सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। इस हमले की जांच के लिए नौसेना के प्रमुख ने आदेश दिए थे। जांच दल ने तीन वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की सिफारिश की है।
सेना के प्रवक्ता मेजल जनरल अतहर अब्बास ने बताया कि वह इस समय केवल इतना कह सकते हैं कि जांच दल ने अपनी जांच पूरी कर ली है और उस पर अमल किया जा रहा है।
पाकिस्तानी समाचार पत्रों ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया है। पाकिस्तानी सेना ने भी इस खबर की पुष्टि कर दी है।
इससे पहले 30 मई को खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों ने लाहौर से मेहरान बेस पर हमला करने के आरोप में नौसेना के पूर्व कमांडर कामरान अहमद और उनके भाई को गिरफ्तार किया था। कामरान अहमद को दस साल पहले नौसेना से निकाल दिया गया था। मेहरान बेस पर हुए हमले के बाद पाकिस्तानी नौसेना की क्षमता पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे थे।