Home देश आपसी सम्बंधों पर अमेरिकी राजदूत ने जरदारी से चर्चा की

आपसी सम्बंधों पर अमेरिकी राजदूत ने जरदारी से चर्चा की

इस्लामाबाद ।। अमेरिका के साथ सम्बंधों के तनावपूर्ण होने के बीच पाकिस्तान में अमेरिका के राजदूत कैमरन मंटर ने राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से मुलाकात कर द्विपक्षीय सम्बंधों पर चर्चा की है। शनिवार को उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के हवाई हमले में 24 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।

‘एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान’ के अनुसार, मंटर ने जरदारी से मंगलवार को ऐवान-ए-सदर (राष्ट्रपति आवास) में मुलाकात की।

इस साल अमेरिका-पाकिस्तान के सम्बंधों में कई बार तनावपूर्ण हालात पैदा हुए। फरवरी में अमेरिका की खुफिया एजेंसी सीआईए के एजेंट रेमंड डेविस को लाहौर में दो पाकिस्तानी नागरिकों की गोली मारकर हत्या करने के लिए गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद दो मई को अमेरिका ने एकपक्षीय कार्रवाई में पाकिस्तान के एबटाबाद में अलकायदा सरगना ओसामा बिन लादेन को मार गिराया।

पिछले महीने अमेरिका को भेजे गए एक गोपनीय संदेश का खुलासा हुआ, जिसके मुताबिक राष्ट्रपति जरदारी को पाकिस्तान में सैनिक तख्तापलट का अंदेशा था। यह विवाद अभी समाप्त भी नहीं हुआ था कि अफगानिस्तान से लगती पाकिस्तान के क्षेत्र में नाटो के हवाई हमले में 24 पाकिस्तनी सैनिकों की मौत हो गई।

Rate this post

NO COMMENTS