Home देश रूसी विमान दुर्घटना में बचे आइस हॉकी खिलाड़ी की मौत

रूसी विमान दुर्घटना में बचे आइस हॉकी खिलाड़ी की मौत

मास्को ।। बीते सप्ताह दुर्घटनाग्रस्त हुए रूस के विमान के मलबे से जीवित मिले रूसी आइस हॉकी खिलाड़ी एलेक्सजेंडर गालीमोव की सोमवार को मौत हो गई। विमान दुर्घटना में रूस के एक आइस हॉकी क्लब के 30 से अधिक खिलाड़ी और अधिकारी मारे गए थे। दुर्घटना में कुल 43 लोगों की मौत हुई थी।

समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के मुताबिक सोमवार को जारी एक बयान में गालीमोव के मौत की पुष्टि हुई। गालीमोव बुरी तरह झुलस गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गालीमोव खुद ही विमान के मलबे से बाहर निकले थे।

अस्पताल द्वारा जारी बयान में कहा गया है, “विस्नेवस्की इंस्टीट्यूट ऑफ सर्जरी ने गालीमोव को बचाने की पूरी कोशिश की। उनके शरीर पर जलने के बेहद गम्भीर घाव थे।”

गालीमोव ने वर्ष 2004 में अपना करियर शुरू किया था। वह 2005 विश्व जूनियर आइस हॉकी चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाली रूस की अंडर-20 टीम के सदस्य थे। वह कई मौकों पर राष्ट्रीय टीम के लिए भी खेले। उनकी उम्र 26 वर्ष थी।

गालीमोव का शरीर 90 फीसदी जल गया था। उन्हें इलाज के लिए मॉस्को इंस्टीट्यूट ऑफ सर्जरी भेजा गया था। उनके साथ-साथ हादसे में बचे विमान के कर्मचारी एलेक्जेंडर सिजोव को भी भेजा गया था।

सिजोव को सोमवार को गहन चिकित्सा कक्ष में दाखिल किया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Rate this post

NO COMMENTS