Home देश कश्मीर में थाने पर पथराव, 6 पुलिसकर्मी घायल

कश्मीर में थाने पर पथराव, 6 पुलिसकर्मी घायल

श्रीनगर ।। जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में 300 से अधिक मोटरसाइकिल सवारों ने एक थाने पर शनिवार की रात पथराव किया। पथराव में छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस दौरान 70 हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया और 10 मोटरसाइकिलें जब्त कर ली गईं। यह जानकारी पुलिस ने रविवार को दी।

कश्मीर घाटी में जहां एक ओर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शनिवार रात मस्जिदों में शब-ए-कद्र की नमाज अदा की, वहीं दूसरी ओर पथराव करने वालों ने थाने पर हमला बोल दिया और पिछले वर्ष की अशांति को फिर से दोहराने की कोशिश की।

पुलिस द्वारा यहां जारी एक बयान में कहा गया है कि जिस समय सुरक्षाकर्मी शहर की विभिन्न मस्जिदों में निर्विघ्न नमाज अदा कराने में लगे हुए थे, उसी दौरान हमलावरों ने पुराने शहर के नौहट्टा थाने पर हमला बोल दिया।

बयान में कहा गया है, “हमलावरों ने पुलिस पर दो पेट्रोल बम फेंके, जिसमें छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। उनमें से दो की हालत गम्भीर है।”

एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “पथराव करने वाले पहले से मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर रहे हैं।”

अधिकारी ने कहा, “विचित्र स्थिति यह है कि इन मोटरसाइकिलों पर तीन व्यक्ति सवार होते हैं। एक व्यक्ति मोटरसाइकिल चलाता है, बीच वाले व्यक्ति के पास पत्थर होता है और पीछे बैठा व्यक्ति सुरक्षा बलों पर पथराव करता है।”

ज्ञात हो कि पिछले वर्ष की अशांति के दौरान भी नौहट्टा पुलिस थाना प्रदर्शनकारियों का एक मुख्य निशाना था।

Rate this post

NO COMMENTS