Home देश आनेवाले 3-4 दिनों में अन्ना तोड़ सकते हैं अपना मौन व्रत, अपने...

आनेवाले 3-4 दिनों में अन्ना तोड़ सकते हैं अपना मौन व्रत, अपने ब्लॉग से दी जानकारी

नई दिल्ली ।। समाजसेवी अन्ना हजारे अगले तीन-चार दिन में अपना मौन व्रत तोड़ सकते हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ अपने अभियान में जनसमर्थन जुटाने के लिए वह देशभर का दौरा भी करेंगे।

अन्ना हजारे (74) ने सोमवार को अपने ब्लॉग पर इसके संकेत दिए कि वह मौन व्रत तोड़ने पर विचार कर रहे हैं। ब्लॉग पर उन्होंने लिखा है, “अगले तीन-चार दिन में मैं मौन व्रत तोड़ सकता हूं। दुनियाभर में करोड़ों लोग मेरे ब्लॉग को पढ़ रहे हैं। मैं समझता हूं कि अब मेरा मौन तोड़ना और उनके साथ चर्चा करना ठीक होगा।”

अन्ना हजारे ने लिखा है कि वह दुनियाभर में युवा महिला तथा पुरुषों, किसानों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों से मिलेंगे, जिन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ उनके आंदोलन को समर्थन दिया और इसके लिए जेल भी गए।

उनके अनुसार, “बड़ी संख्या में लोगों ने मुझसे मौन व्रत तोड़ने और उन लोगों से बातचीत करने की अपील की है, जिन्होंने इस सिलसिले में परेशानियां झेलीं। इसलिए मैं अपना मौन समाप्त करना और विभिन्न राज्यों का दौरा कर उनसे बातचीत करना चाहता हूं।”

उन्होंने लिखा, “मैं उम्मीद करता हूं कि पिछले आंदोलन की तरह ही इस बार भी मुझे युवा महिलाओं और पुरुषों से नई व अधिक ऊर्जा मिलेगी।”

अन्ना हजारे ने यह भी कहा कि वह चुनाव में उम्मीदवारों को खारिज करने और जन प्रतिनिधियों को वापस बुलाने के अधिकार के लिए संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने लिखा, “मुझे भरोसा है कि सभी देशवासी इस संघर्ष में सीधे तौर पर मुझसे जुड़े होंगे।”

Rate this post

NO COMMENTS