Home देश छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले में 6 पुलिसकर्मी शहीद

छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले में 6 पुलिसकर्मी शहीद

रायपुर ।। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में शुक्रवार को नक्सलियों ने 16 सदस्यीय पुलिस गश्ती दल पर घात लगाकर हमला किया जिसमें छह पुलिसकर्मी शहीद हो गए और अन्य पांच घायल हो गए।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रामनिवास ने आईएएनएस को बताया, “हथियारों से लैस नक्सलियों ने जिला पुलिस बल के हमारे जवानों पर सुनियोजित तरीके से हमला किया।”

उन्होंने कहा कि नक्सलियों ने पहले विस्फोट किया फिर 16 सदस्यीय जिला पुलिस के दस्ते पर गोलीबारी की। उस समय ये जवान आठ मोटरसाइकिलों पर नेतानगर गांव से लौट रहे थे।

ज्ञात हो कि नक्सलियों ने गुरुवार रात नेतानगर स्थित वन विभाग के विश्रामगृह के एक हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया था।

पुलिस अधीक्षक (बस्तर जिला) रतनलाल डांगी अतिरिक्त पुलिस बल को लेकर हमला स्थल के लिए रवाना हो गए। यह स्थल राजधानी रायपुर से करीब 300 किलोमीटर दक्षिण में है।

पुलिस को अभी पुख्ता जानकारी नहीं है कि नक्सलियों ने शहीद हुए जवानों के शस्त्र भी लूट ले गए या नहीं।

ये नक्सली प्रतिबंधित संगठन मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के सदस्य बताए जाते हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य में नवम्बर 2000 से लेकर अब तक नक्सली हिंसा में 2,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।

Rate this post

NO COMMENTS