पटना ।। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ़ ए़ पी़ ज़े अब्दुल कलाम से नालंदा अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालय के ‘विजिटर’ बने रहने का आग्रह किया है।
बिहार विधान परिषद के सौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर विधानसभा में आयोजित एक सेमिनार में कलाम की मौजूदगी में नीतीश ने उन्हें बिहार आने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि कलाम व उनकी मुलाकात के बाद ही प्रचीन नालंदा विश्वविद्यालय की पुनस्र्थापना की बात चली थी और इस दिशा में कार्य प्रारम्भ हुआ था। उन्होंने कहा कि अब तो केंद्र सरकार ने संसद में इसे मंजूरी भी दिला दी है।
उन्होंने कहा कि कलाम अगर इस विश्वविद्यालय के ‘विजिटर’ बने रहते तो अच्छा रहता लेकिन उन्होंने कहा है कि वह दूसरे रूप में मतलब एक शिक्षक के रूप में योगदान देते रहेंगे। कलाम ने भी भरोसा दिया है कि बिहार को जब भी आवश्यकता होगी वह अपना समय देंगे।
उल्लेखनीय है कि कलाम अपने दो दिवसीय दौरे पर सोमवार की शाम पटना पहुंचे थे। उन्होंने पिछले दिनों अंतर्राष्ट्रीय नालंदा विश्वविद्यालय के विजिटर के पद से इस्तीफा दे दिया था।