Home देश येदियुरप्पा को जमानत मिली

येदियुरप्पा को जमानत मिली

बेंगलुरू ।।भ्रष्टाचार के दो मामलों में गिरफ्तार कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा को जमानत मिल गई है। मंगलवार शाम तक उनकी रिहाई की उम्मीद है।

उच्च न्यायालय ने येदियुरप्पा को मंगलवार को एक मामले में जमानत दे दी जबकि अन्य मामले में उन्हें पहले ही तीन नवंबर को जमानत मिल गई थी।

उच्च न्यायालय के न्यायाधीश बी.वी. पिंटो ने सबूतों से छेड़छाड़ न करने की शर्त, दोनों मामलों में अदालती सुनवाई के दौरान मौजूद रहने और पांच लाख रुपये के मुचलके पर और इतने की जमानत राशि भरने पर जमानत दी है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता येदियुरप्पा के बेंगलुरू की केंद्रीय जेल से शाम तक रिहाई की सम्भावना है।

उनके वकीलों ने संवाददाताओं से उच्च न्यायालय परिसर में कहा कि उन्होंने जमानत के आदेश की एक प्रति मांगी है और मुचलका निचली अदालत में भरा जाएगा।

राज्य में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के खिलाफ भ्रष्टाचार व भूमि घोटाले से जुड़ी पांच शिकायतें हैं।

पांच शिकायतों में भ्रष्टाचार और अवैध भूमि सौदों के 15 उदाहरण प्रस्तुत किए गए हैं। उनके खिलाफ पांच मामले हैं, जिनमें से दो में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। अन्य तीन मामलों में उन्हें अग्रिम जमानत मिली थी।

बेंगलुरू के दो अस्पतालों में तीन दिन बिताने के बाद 19 अक्टूबर से येदियुरप्पा जेल में हैं।

लोकायुक्त अदालत के न्यायाधीश एन.के. सुधींद्र राव के मामलों में सुनवाई करने व उनकी जमानत याचिका खारिज करने के बाद 15 अक्टूबर को येदियुरप्पा को गिरफ्तार किया गया था।

Rate this post

NO COMMENTS