Home देश अमेरिकी ओपन : नडाल को हराकर जोकोविक बने चैम्पियन

अमेरिकी ओपन : नडाल को हराकर जोकोविक बने चैम्पियन

न्यूयार्क ।। मौजूदा सत्र में बेहतरीन फॉर्म में चल रहे शीर्ष वरीयता प्राप्त सर्बियाई टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविक ने स्पेन के राफेल नडाल को हराकर अमेरिकी ओपन ग्रैंड स्लैम का एकल खिताब जीत लिया है।

जोकोविक ने पुरुषों की एकल स्पर्धा के खिताबी मुकाबले में सोमवार को दूसरी वरीयता प्राप्त और गत चैम्पियन नडाल को 6-2, 6-4, 6-7 (3), 6-1 से मात दी। इसके साथ ही जोकोविक ने इस वर्ष तीन ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम कर लिए।

पिछले वर्ष नडाल ने तीन ग्रैंड स्लैम खिताब जीते थे जबकि रोजर फेडरर ने एक वर्ष के अंदर वर्ष 2007 में तीन ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किए थे। इस प्रकार जोकोविक भी नडाल और फेडरर के क्लब में शामिल हो गए हैं।

उल्लेखनीय है कि जोकोविक ने इससे पहले इस वर्ष आस्ट्रेलियन ओपन और विम्बलडन का एकल खिताब अपने नाम किया था। जोकोविक के करियर का कुल चौथा ग्रैंड स्लैम खिताब है। वर्ष 2008 में जोकोविक ने आस्ट्रेलियन ओपन के रूप में करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था।

इससे पहले, मौजूदा सत्र में नडाल और जोकोविक अलग-अलग टूर्नामेंट के फाइनल में पांच बार आमने-सामने हुए थे जिनमें पांचों बार जाकोविक ने बाजी मारी थी।

इस वर्ष जोकोविक ने विम्बलडन के खिताबी मुकाबले में नडाल को हराकर इस वर्ष दूसरा ग्रैंड स्लैम अपने नाम किया था। कुल मिलाकर देखा जाए तो नडाल का जोकोविक के खिलाफ जीत हार का रिकार्ड 16-12 का रहा था।

Rate this post

NO COMMENTS