Home देश होटल से दिल्ली पुलिस के हवलदार का शव बरामद

होटल से दिल्ली पुलिस के हवलदार का शव बरामद

बरेली ।। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक होटल के कमरे में दिल्ली पुलिस का एक हवलदार संदिग्ध हालत में मृत पाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दिल्ली पुलिस में हवलदार पद पर तैनात जोगेन्द्र सिंह [48] को कोतवाली शहर इलाके में स्थित निजी होटल आशा किरण के कमरा नम्बर 103 में बुधवार को मृत पाया गया।

कोतवाली प्रभारी राजा सिंह ने गुरुवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि कमरे के अंदर से कोई जवाब न मिलने पर होटलकर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा खोलकर देखा गया तो हवलदार जोगेंद्र मृत पाए गए। वह मंगलवार देर रात होटल पहुंचे थे।

सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या उनकी हत्या की गई है।

पुलिस के मुताबिक जोगेंद्र मंगलवार को बरेली अदालत में काम होने की बात कहकर घर से चले थे। वह दिल्ली पुलिस के समन सेल में तैनात थे और परिवार के साथ दिल्ली के पीतमपुरा पुलिस लाइन में रहते थे।

Rate this post

NO COMMENTS