Home देश बिहार में बकरीद की रौनक

बिहार में बकरीद की रौनक

पटना ।। बिहार की राजधानी पटना और विभिन्न जगहों के मुस्लिम बहुल इलाकों में ईद-उल-जुहा या बकरीद के मौके पर काफी चहल-पहल देखी जा रही है। लोग एक दूसरे को मुबारकबाद दे रहे हैं। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सामूहिक रूप से नमाज अदा की गई। प्रशासन ने भी बकरीद के मौके पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

पटना के गांधी मैदान में सैकड़ों लोगों ने सुबह आठ बजे नमाज अदा की। यहां बच्चों की तादाद बहुत ज्यादा थी। मोतीहारी के खुदानगर स्थित मुख्य ईदगाह मैदान तथा भागलपुर के सीपीएस मैदान में लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की।

बकरीद के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने भी नमाज अदा की तथा लोगों को बकरीद की बधाई दी।

दानापुर में खानकाह-ए-मुजीबिया में बकरीद के मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर नमाज अदा की। इस मौके पर राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री श्याम रजक भी उपस्थित थे।

इस बीच बकरीद को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। विभिन्न स्थलों पर दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही साथ उन सभी संवदेनशील और अतिसंवदेनशील जगहों पर पुलिसकर्मियों की भारी संख्या में तैनाती की गई है जहां नमाज अदा की जा रही है।

Rate this post

NO COMMENTS