जमुई (बिहार) ।। बिहार के नक्सल प्रभावित जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र से चार संदिग्ध नक्सलियों को शनिवार को गिरफ्तार किया गया है। इन पर छह वर्ष पूर्व रेलगाड़ी पर हमलाकर एक पुलिसकर्मी की हत्या करने का आरोप है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार को तेलियाडीह गांव में छापामार कर प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार गिरफ्तार नक्सलियों में अनिल रविदास, फगो रविदास, रघुवीर तथा अनिल है। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों से पुलिस पूछताछ की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि 2005 में जमुई और झाझा रेलवे स्टेशन के बीच नक्सलियों ने एक ट्रेन पर हमला कर एक पुलिसकर्मी की हत्या कर दी थी। इस हमले में दो पुलिसकर्मी घायल भी हुए थे। इस घटना में नक्सलियों ने पुलिसकर्मियों के हथियारों को लूट लिया था।