Home देश राजद ने जारी किया ‘जनता का आरोप पत्र’

राजद ने जारी किया ‘जनता का आरोप पत्र’

पटना ।। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की दूसरी पाली के एक वर्ष पूरा होने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के रिपोर्ट कार्ड के जवाब में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने शनिवार को ‘जनता का आरोप पत्र’ जारी किया।

पटना में राजद बिहार इकाई के अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे ने आरोप पत्र को जारी करते हुए कहा कि नीतीश सरकार की एक वर्ष की उपलब्धि भ्रष्टाचार का सरकारीकरण है। उन्होंने कहा कि प्रखंड से लेकर सचिवालय तक में कोई भी कार्य बिना रिश्वत के नहीं हो रहा है। 

उन्होंने वर्तमान सरकार की उपलब्धियों में घोटाले का रिकॉर्ड बनाने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भूमि, दवा, शराब, एसीडीसी बिल जैसी घोटालों की लम्बी फेहरिस्त है। सेवा अधिकार कानून लाये जाने के संदर्भ में उन्होंने कहा कि इस कानून के आने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को घूस लेने की और छूट मिल गई है। वे समय सीमा के भीतर बिना पैसा के कोई प्रमाण पत्र नहीं बना रहे हैं। 

उन्होंने विधि-व्यवस्था की हालत खराब होने की चर्चा करते हुए कहा कि प्रतिदिन आपराधिक घटनाएं घट रही है इसे रोकने की बजाय पुलिस बर्बरतापूर्वक जनता को ही निशाना बना रही है। उन्होंने मुद्रित आरोप पत्र को ही सरकार का सही रिपोर्ट कार्ड बताया। इस मौके पर राजद के कई नेता उपस्थित थे। 

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने सरकार के एक वर्ष पूरा होने के एक दिन पूर्व रिपोर्ट कार्ड जारी किया था जिसमें सरकार के न्याय के साथ सुशासन के पथ पर चलने की बात कही थी।

Rate this post

NO COMMENTS