Home देश बसपा विधायक सपा में शामिल

बसपा विधायक सपा में शामिल

लखनऊ, Hindi7.com ।। बसपा विधायक कृष्ण कुमार सिंह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। वह प्रदेश के हरदोई की मल्लावां सीट से विधायक हैं। समाजवादी पार्टी ने उन्हें उसी क्षेत्र से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी भी घोषित कर दिया है। दस दिन के अंदर बसपा छोड़ कर सपा में आने वाले कृष्ण दूसरे विधायक हैं।

पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां और प्रदेश सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में बताया कि मल्लावां से दो बार से विधायक रहे कृष्ण कुमार सिंह ने पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों में आस्था जताते हुए समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। खां ने सिंह के हवाले से कहा कि उन्होंने बसपा छोड़ने का निर्णय इसलिए किया, क्योंकि उन्हें लगा कि उसकी नीतियां मानवता से बहुत दूर हैं।

उन्होंने यह भी दावा किया कि बसपा छोड़कर आने वाले विधायकों को समुचित जांच परख के बाद पार्टी में शामिल किया जा रहा है, वरना अब तक यह सूची काफी लंबी होती। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष यादव ने सपा में सिंह का स्वागत करते हुए घोषणा की कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में मल्लावां सीट से वह ही पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

इससे पहले 25 जुलाई को अम्बेडकर नगर जिले की जलालपुर सीट से बसपा विधायक शेर बहादुर सिंह ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं।

इस अवसर पर सपा से निष्कासित महामंत्री अमर सिंह के साथ चले गये गढमुक्तेश्वर सीट से पार्टी विधायक मदन चौहान ने भी पार्टी की नीतियों में आस्था दोहराते हुए पार्टी के साथ होने की घोषणा की।

खां ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि पिछले दिनों किन्हीं कारणों से पार्टी से नाराज हो गये चौहान ने भी पार्टी में अपनी आस्था दोहरायी है और उनका स्वागत है।

अखिलेश यादव ने इस मौके पर मल्लावां से कृष्ण कुमार सिंह और गढमुक्तेश्वर से मदन चौहान को उम्मीदवार बनाये जाने के साथ ही 19 उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर दी है, जिन्हें लेकर पार्टी 370 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है।

Rate this post

NO COMMENTS