Home देश बिहार में मुठभेड़, डीएसपी की हत्या का आरोपी नक्सली गिरफ्तार

बिहार में मुठभेड़, डीएसपी की हत्या का आरोपी नक्सली गिरफ्तार

सासाराम (बिहार) ।। बिहार के रोहतास जिले के अकोढ़ी गोला थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात नक्सलियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध नक्सली को गिरफ्तार कर लिया। इस मुठभेड़ में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि शिवपुर गांव में प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के नक्सली व्यवसायियों से जबरन धन वसूलने आये हैं। इसी सूचना के बाद पुलिस ने गांव की घेराबंदी कर दी। इसी दौरान नक्सलियों ने पुलिस को निशाना बनाकर गोलीबारी शुरू कर दी जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की।

रोहतास के पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने मंगलवार को बताया कि दोनों ओर से करीब 50 से 60 राउंड गोलियां चली। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने कुख्यात नक्सली दुलारचंद यादव को गिरफ्तार कर लिया जबकि शेष नक्सली भागने में सफल रहे।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली पर विक्रमगंज के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अखिलेश प्रसाद की हत्या समेत कई नक्सली वारदातों का आरोप है जिसकी पुलिस को कई वर्षो से तलाश थी। उन्होंने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया जा रहा है तथा गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ की जा रही है।

Rate this post

NO COMMENTS