नई दिल्ली ।। लोकप्रिय धारावाहिक ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ के कलाकार अमर उपाध्याय सोमवार को चर्चित टेलीविजन शो ‘बिग बॉस-5’ में प्रवेश करने वाले हैं। वह इस शो में प्रवेश पाने वाले शक्ति कपूर के बाद दूसरे पुरुष प्रतिभागी होंगे।
उन्होंने शो के माहौल को शांत करने की बजाए और गरम करने का वादा किया है। अमर ने बताया, “अब ज्यादा मजा आएगा। मैं शो के माहौल को और गरम करूंगा।”
उनको लगता है कि शो में पहले से मौजूद महिलाएं एक और पुरुष के दाखिले से खुश होंगी। उन्होंने कहा, “शो में एक मात्र पुरुष शक्ति कपूर को भी इससे राहत मिलेगा।”
इस बार के शो में अलग-अलग क्षेत्रों से 12 महिलाओं के साथ एक मात्र पुरुष के रूप में शक्ति कपूर और एक हिजड़ा लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी को दाखिला मिला है। नेपाल में जेल में बंद ‘बिकिनी किलर’ के नाम से मशहूर चार्ल्स शोभराज की पत्नी निहिता विश्वास पहले ही शो से बाहर हो चुकी हैं।
इस शो में आरम्भ से ही विवाद शुरू हो गया था। लेकिन जब अमर से पूछा गया कि क्या वह वहां शांतिदूत बनकर जा रहे हैं तो उन्होंने इसे बिल्कुल नकार दिया।
37 वर्षीय अमर धारावाहिक ‘विरासत’ और ‘चांद के पार चलो’ में देखे जा चुके हैं। इसके अलावा वह ‘धुंध- द फाग’ और ‘एलओसी कारगिल’ जैसी फिल्मों में भी काम कर चुके हैं।