Home स्पोर्ट्स आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट को राष्ट्रमंडल खेल-2018 की मेजबानी

आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट को राष्ट्रमंडल खेल-2018 की मेजबानी

बासेटेरे (सेंट किट्स) ।। आस्ट्रेलिया के तटवर्ती शहर गोल्ड कोस्ट को राष्ट्रमंडल खेल-2018 की मेजबानी सौंपी गई है। इस शहर ने श्रीलंका के हम्बानटोटो को मात देकर यह मेजबानी हासिल की है। राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। सीजीएफ के 70 सदस्यों में से 43 ने गोल्ड कोस्ट के पक्ष में मतदान किया जबकि हम्बानटोटा को 27 मत मिले।

यह पांचवां मौका है, जब राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन आस्ट्रेलिया में होगा। इससे पहले इस देश ने 1938 में सिडनी, 1962 में पर्थ, 1982 में ब्रिस्बेन और 2006 में मेलबर्न में इन खेलों का आयोजन किया था।

गोल्ड कोस्ट को मेजबान के तौर पर इसलिए चुना गया क्योंकि वहां पहले ही खेलों की मूलभूत सुविधाएं मौजूद हैं जबकि हम्बानटोटा को इन खेलों के लिए खुद को तैयार करने के लिए 2016 तक का वक्त चाहिए था। वर्ष 2004 में आई सुनामी में श्रीलंका का यह दक्षिण तटवर्ती शहर पूरी तरह नष्ट हो गया था।

गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, मुक्केबाजी, हॉकी, टेनिस, नेटबाल, रग्बी सेवन्स, स्क्वॉश, तैराकी और भारोत्तोलन का आयोजन होगा।

साथ ही साथ यहां सात अन्य खेलों का भी आयोजन होगा जिनमें टेबल टेनिस, निशानेबाजी, साइकिलिंग, जिमनास्टिक, ट्रायथलन और कुश्ती शामिल हो सकते हैं। इन खेलों के बारे में अंतिम फैसला स्थानीय आयोजन समिति करेगी।

यह शहर ब्रिस्बेन से 90 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। इसकी जनसंख्या 540,000 है। यह शहर अपने पर्यटक आकर्षणों के लिए मशहूर है। जनसंख्या के आधार पर यह दक्षिण पूर्वी क्वींसलैंड प्रांत का दूसरा सबसे बड़ा शहर है।

वर्ष 2014 में राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन ग्लासगो में होगा। इससे पहले 2010 में 19वें राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन भारत की राजधानी नई दिल्ली में हुआ था।

Rate this post

NO COMMENTS