मुम्बई ।। देश के शेयर बाजारों में इस सप्ताह तेज गिरावट दर्ज की गई। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स साप्ताहिक कारोबार के दौरान 633.37 अंक गिरकर 16213.46 पर जबकि निफ्टी 193.45 अंक गिरकर 4866.70 पर पहुंच गया। इससे पहले लगातार चार सप्ताहों की गिरावट देखने के बाद दो दिसम्बर को खत्म हुए कारोबारी सप्ताह में शेयर बाजारों में रिकार्ड उछाल दर्ज किया गया था। सेंसेक्स में कुल 7.3 फीसदी यानी 1,151.40 अंकों और निफ्टी में 7.2 फीसदी या 340.10 अंकों की तेजी दर्ज की गई थी।
इस सप्ताह के पहले दिन सोमवार को मामूली गिरावट का रुख देखा गया। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 41.50 अंकों की गिरावट के साथ 16,805.33 पर और निफ्टी 11.00 अंकों की गिरावट के साथ 5,039.15 पर बंद हुआ। मंगलवार को मोहर्रम के कारण बाजार बंद रहे। बुधवार को सेंसेक्स 71.73 अंकों की तेजी के साथ 16,877.06 पर और निफ्टी 23.45 अंकों की तेजी के साथ 5,062.60 पर बंद हुआ।
लेकिन गुरुवार और शुक्रवार को बाजार में जबर्दस्त गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को सेंसेक्स 388.82 अंकों की गिरावट के साथ 16,488.24 पर और निफ्टी 118.95 अंकों की गिरावट के साथ 4,943.65 पर बंद हुआ।
शुक्रवार को सेंसेक्स 274.78 अंकों की गिरावट के साथ 16213.46 पर जबकि निफ्टी 76.95 अंकों की गिरावट के साथ 4866.70 पर बंद हुआ।