कराची ।। पाकिस्तान के तटीय शहर कराची में शनिवार तड़के पुलिसकर्मियों की बस को निशाना बनाकर किए गए हमले में कम से कम छह पुलिसकर्मी मारे गए हैं और लगभग 50 घायल बताए जा रहे हैं।
उर्दू टीवी चैनल समा के मुताबिक, शनिवार तड़के चक्रगोथ क्षेत्र में 50 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को ले जा रही एक बस को आतंकवादियों ने निशाना बनाया। पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, इस हमले में दो हमलावर भी मारे गए हैं। घायल पुलिसकर्मियों में चार की हालत बेहद नाजुक बतायी जा रही है।
आंतरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने बताया कि “यह हमला उस समय किया गया, जब पुलिसकर्मी हमले वाले क्षेत्र में तलाशी अभियान के लिए जा रहे थे।” कराची में पिछले तीन दिनों से जारी हिंसा में अब तक कम से कम 59 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले कुछ समय से कराची में लगातार हमले हो रहे हैं, लेकिन पाक सरकार इसे रोकने में अब तक असफल रही है।














