ढाका ।। जिम्बाब्वे दौरे पर करारी हार झेलने के बाद कप्तानी से हटाए गए बांग्लादेशी क्रिकेट टीम के कप्तान शाकिब अल हसन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड [बीसीबी] के इस फैसले से हैरान हैं।
हाल में जिम्बाब्वे दौर पर खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच और पांच एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला में बांग्लादेश को हार का सामना करना पड़ा था। इस दौर से लौटने के बाद बीसीबी ने सोमवार को शाकिब और उप कप्तान तमीम इकबाल को उनके पद से बर्खास्त कर दिया था।
समाचार पत्र ‘डेली स्टार’ ने शाकिब के हवाले से लिखा है, “मैं बोर्ड द्वारा अचानक लिए गए इस निर्णय से हैरान हूं। मैं इन चीजों को आसानी से ले सकता हूं। यही मेरी ताकत है। बोर्ड ने जरूर खेल की बेहतरी के लिए यह कदम उठाया होगा इसलिए मुझे इसे स्वीकार करना चाहिए।”
25 वर्षीय शाकिब को दो वर्ष के लिए कप्तान बनाया गया था। मशरफे मुर्तजा के चोटिल होने के बाद शाकिब को कुछ समय के लिए कप्तानी दी गई थी। इसके बाद शाकिब को 2011 में पूर्ण रूप से टीम की कमान सौंपी गई थी। शाकिब की कप्तानी में बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को एकदिवसीय श्रृंखला में 4-0 से मात दी थी।
पत्र के मुताबिक शाकिब ने कहा, “बतौर कप्तान जिम्बाब्वे में टीम द्वारा किए गए खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी मुझे लेनी चाहिए लेकिन मैं अब भी कहता हूं कि इस हार की सबसे बड़ी वजह तैयारियों का अभाव था।”














