अररिया (बिहार) ।। बिहार के अररिया जिले के नगर थाना क्षेत्र में एक प्रोफेसर के घर कथित तौर पर चोरी कर रहे एक संदिग्ध को ग्रामीणों ने पकड़कर उसे पीट-पीटकर मार डाला।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात अररिया निवासी प्रोफेसर रउत अनवर के घर में पांच लोग चोरी के इरादे से घुस गए थे। इसके बाद आवाज सुनकर प्राफेसर की नींद खुली तो उन्होंने ने प्रोफेसर की जमकर पिटायी कर दी।
शोरगुल सुनकर कई ग्रामीण इकट्ठे हो गए तब वे पांचों भागने लगे। उनमें से एक ग्रामीणों के हाथ आ गया जिसकी उन्होंने जमकर पिटायी कर दी। उसे घायलावस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां गुरुवार को उसकी मौत हो गई।
अररिया के पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद काजिम ने बताया कि मृतक इंद्रजीत साहनी अररिया का ही रहने वाला था। पुलिस को कई मामलों में उसकी तलाश थी। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में सम्बंधित थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस छानबीन कर रही है।














