एडिलेड ।। आस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता एंड्रयू हिल्डिच ने मध्यम गति के गेंदबाज मिशेल जानसन को ट्वेंटी-20 टीम से बाहर किए जाने की वजह उनकी खराब फॉर्म को बताया है।

दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए चुनी गई ट्वेंटी-20 की 14 सदस्यीय सम्भावित टीम से जानसन को बाहर रखा गया है। इस दौरे पर आस्ट्रेलियाई टीम दो ट्वेंटी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला खेलेगी।

समाचार पत्र ‘द आस्ट्रेलियन’ ने हिल्डिच के हवाले से लिखा है, “मुझे लगता है कि ट्वेंटी-20 क्रिकेट में जानसन सर्वश्रेष्ठ फॉर्म से संघर्ष करते हुए नजर आए हैं। निश्चिततौर पर वह इससे निराश होंगे। मैंने इस बारे में उनसे बात की है।”

उल्लेखनीय है कि इस दौरे के लिए चुनी गई 14 सदस्यीय एकदिवसीय टीम में जानसन की जगह बरकरार है। पिछले दिनों श्रीलंका में सम्पन्न हुए दो ट्वेंटी-20 मैचों में जानसन का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था।

पत्र के मुताबिक हिल्डिच ने कहा, “जानसन के लिए श्रीलंका मुश्किल दौरा रहा। वास्तविकता यही है कि जानसन श्रीलंका में जिस प्रकार का प्रदर्शन करना चाह रहे थे वैसा वह नहीं कर सके। वहां की परिस्थितयां अलग थी।”

जानसन ने 28 ट्वेंटी-20 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले में अब तक 36 विकेट झटके हैं। हिल्डिच को जानसन के एकदिवसीय श्रृंखला और टेस्ट मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन करने की उम्मीद है।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here