पटना ।। पटना के एक निजी विद्यालय से शनिवार को लापता हुए दो छात्र अमृतसर में मिले हैं। इनको लाने के लिए पटना पुलिस अमृतसर रवाना हो गई है।
पुलिस के अनुसार पटना के संत डॉमिनिक विद्यालय के दो छात्र जयप्रकाश और विभाकर पिछले सप्ताह शनिवार को रहस्यमय तरीके से गायब हो गए थे। इस मामले की प्राथमिकी श्रीकृष्णपुरी थाने में दर्ज करा दी गई थी। जांच के क्रम में दोनों लापता छात्रों के अमृतसर में होने का पता चला है।
पटना नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) उपेंद्र शर्मा ने बुधवार को बताया कि दोनों छात्रों का कोई मित्र अमृतसर में रहता है जहां दोनों छात्र चले गए थे। उनके मोबाइल का टावर लोकेशन अमृतसर में मिला, जिसके आधार पर उनका सुराग मिल सका। उन्होंने कहा कि पटना पुलिस का एक दल अमृतसर भेजा गया है। छात्रों के आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।
उल्लेखनीय है कि दोनों छात्र विद्यालय के छात्रावास में रहते थे और क्रिकेट खेलने के दौरान दोनों चारदीवारी फांदकर भाग गए थे।














