सेंट जोंस (एंटीगा) ।। दो वर्ष के प्रतिबंध के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाले हरफनमौला मार्लन सैमुएल्स, किर्क एडवर्ड्स और युवा स्पिनर देवेंद्र बीशु सहित कुल 18 पुरुष खिलाड़ियों को वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डब्ल्यूआईसीबी) ने अपने वार्षिक केंद्रीय करार में शामिल किया है।

मैच फिक्सिंग के आरोपों के कारण प्रतिबंध झेलने वाले सैमुएल्स ग्रेड ‘बी’ में रखा गया है जबकि बीशु और एडवर्ड्स के ग्रेड में सुधार हुआ है। ये दोनों खिलाड़ी ग्रेड ‘सी’ में आ गए हैं। डब्ल्यूआईसीबी ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि सभी खिलाड़ी अनुबंध पर हस्ताक्षर कर चुके हैं।

बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज सुलेमान बेन, बल्लेबाज डेवोन स्मिथ, ब्रेंडन नैश, हरफनमौला डेव बर्नार्ड, बाएं हाथ के स्पिनर निकिता मिलर और तेज गेंदबाज नेलॉन पास्कल को केंद्रीय अनुबंध की सूची से बाहर रखा गया है।

सैमुएल्स ने हाल में वापसी करते हुए टेस्ट मैचों की छह पारियों में दो अर्धशतक लगाया है जबकि 12 एकदिवसीय मुकाबलों में उनके नाम तीन अर्धशतक दर्ज हैं। इसमें बांग्लादेश के खिलाफ दो अर्धशतक शामिल हैं।

एडवर्ड्स ने जुलाई में भारत के साथ खेले गए अपने पदार्पण मैच में शतक लगाया था जबकि बीशु विश्व कप के बाद से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और वह टेस्ट तथा एकदिवसीय टीम के नियमित सदस्य बने हुए हैं।

बाएं हाथ के अनुभवी बल्लेबाज शिवनारायण चंद्रपॉल एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें ग्रेड ‘ए’ में रखा गया है। चोट से उबरकर दो वर्ष बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाले तेज गेंदबाज फिडेल एडवर्ड्स और रवि रामपॉल को ग्रेड ‘बी’ में रखा गया है।

29 वर्षीय एडवर्ड्स ने चोट से वापसी करने के बाद 29 विकेट झटकने में सफलता पाई है। युवा सलामी बल्लेबाज एड्रियान बाराथ ग्रेड ‘सी’ में अपना स्थान बरकरार रखने में सफल रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि ग्रेड ‘ए’ के अंतर्गत शामिल खिलाड़ियों को 120, 000 डॉलर दिया जाएगा जबकि ग्रेड ‘बी’ और ग्रेड ‘सी’ के अंतर्गत आने वाले खिलाड़ियों को क्रमश: 100,000 डॉलर और 80,000 डॉलर दिए जाएंगे।

डब्ल्यूआईसीबी ने महिला क्रिकेट खिलाड़ियों के अनुबंध कोटे में इजाफा करते हुए उनकी संख्या आठ कर दी है। इनमें ट्रेमायन स्मार्ट और शेमेने कैम्पबेल का नाम भी अब अनुबंधित खिलाड़ियों के साथ जुड़ गया है।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here