बैसेल (स्विट्जरलैंड) ।। विश्व के शीर्ष वरीयता प्राप्त सर्बिया के नोवाक जोकोविक और चार बार के चैम्पियन रोजर फेडरर अपने-अपने मुकाबले जीतकर एटीपी स्विस इंडोर्स बैसेल टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर गए हैं।
पेशेवर टेनिस संघ (एटीपी) की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, शुक्रवार को खेले गए पुरुष वर्ग की एकल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जोकोविक ने साइप्रस के मार्कस बघदातिस को 2-6, 6-2, 6-3 से पराजित किया। मौजूदा सत्र में जोकोविक की एकल मुकाबलों में यह 67वीं जीत है।
एक अन्य एकल क्वार्टर फाइनल मुकाबले में विश्व के चौथी वरीयता प्राप्त स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर ने अमेरिका के एंडी रॉडिक को 6-3, 6-2 से शिकस्त दी। फेडरर ने इस मुकाबले को 64 मिनट में अपने नाम किया।
फेडरर को इस टूर्नामेंट में तीसरी वरीयता दी गई है जबकि रॉडिक को सातवीं वरीयता दी गई थी। फेडरर की इस टूर्नामेंट में यह 41वीं जीत है। सेमीफाइनल में फेडरर का मुकाबला हमवतन खिलाड़ी स्टानिसलास वावरिंका से होगा।














