कोलकाता ।। सचिन तेंदुलकर के करोड़ों चाहने वालों की शतकों का शतक देखने की बेसब्री अपनी हदों को पार करती दिख रही है। इसके लिए देश और दुनिया के तमाम क्रिकेट प्रेमी इस वर्ष मार्च से लगातार इंतजार में हैं। ऐसी उम्मीद लगाई जा रही थी कि सचिन ईडन गरडस में वेस्टइंडीज के साथ जारी दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में यह महाशतक पूरा कर लेंगे लेकिन देवेंद्र बीशु ने उन्हें 38 रन पर आउट करके भारतीय दर्शकों को निराश कर दिया।
सचिन ने अपना आखिरी अंतर्राष्ट्रीय शतक नागपुर के विदर्भ क्रिकेट संघ मैदान पर इस वर्ष मार्च में विश्व कप के दौरान दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाया था। इसके बाद वह इंग्लैंड के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला में नाकाम रहे थे।
बीशू ने सचिन को लगातार दूसरी बार आउट किया है। इससे पहले बीशु ने दिल्ली टेस्ट की दूसरी पारी में सचिन को आउट किया था। उस पारी में सचिन ने 76 रन बनाकर भारत की जीत पक्की की थी लेकिन वह अपने महाशतक से 24 रनों से चूक गए थे।
कोटला टेस्ट की पहली पारी में सचिन सात रन बना सके थे। उस पारी में सचिन का विकेट फिडेल एडवडर्स को मिला था। कोलकाता में सचिन ने अपनी 71 गेंदों की पारी में पांच चौके लगाए और राहुल द्रविड़ के साथ तीसरे विकेट के लिए 56 रन जोड़े।
भारत में सचिन को महाशतक पूरा करने के लिए अब और तीन पारियों में बल्लेबाजी करनी है। कोलकाता टेस्ट की एक पारी के अलावा सचिन के पास मुम्बई टेस्ट की दो पारियां हैं। अगर सचिन मुम्बई में यह महाशतक पूरा करने में सफल रहे तो यह और भी यादगार होगा क्योंकि मुम्बई उनका गृहनगर है।














