मुम्बई ।। वानखेड़े स्टेडियम में जारी तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन गुरुवार को भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज की पहली पारी के स्कोर 590 रनों के जवाब में अपनी पहली पारी में तीन विकेट पर 226 रन बना लिए हैं। सचिन तेंदुलकर 44 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि वी.वी.एस. लक्ष्मण ने खाता नहीं खोला है। भारत ने राहुल द्रविड़ के रूप में तीसरा विकेट गंवाया। द्रविड़ 82 रन बनाकर मार्लन सैमुएल्स की गेंद पर आउट हुए। उनका विकेट 224 रन के कुल योग पर गिरा।
अपने करियर का 63वां अर्धशतक लगाने वाले द्रविड़ ने 149 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके लगाए। द्रविड़ और सचिन तीसरे विकेट के लिए 86 रन जोड़े। सचिन अब तक 75 गेंदों पर चार चौके और एक छक्का लगा चुके हैं।
द्रविड़ ने 16 रन के निजी योग पर पहुंचने के साथ टेस्ट मैचों में 13,000 रन पूरे किए। इस मुकाम पर पहुंचने वाले द्रविड़ विश्व और भारत के दूसरे बल्लेबाज हैं।
द्रविड़ से अधिक रन सिर्फ भारत के सचिन तेंदुलकर ने बनाया है। सचिन के नाम 15086 रन दर्ज हैं। द्रविड़ ने टेस्ट मैचों में अब तक कुल 36 शतक लगाए हैं जबकि सचिन के नाम 51 शतक हैं।
द्रविड़ और सचिन सहित कुल आठ बल्लेबाज अब तक टेस्ट मैचों में 10 हजार या उससे अधिक रन बना चुके हैं। इनमें तीन बल्लेबाज भारत के हैं। भारत के तीसरे बल्लेबाज सुनील गावस्कर हैं, जिनके नाम 10122 रन दर्ज हैं।
भारत ने द्रविड़ के अलावा गौतम गम्भीर (55) और वीरेंद्र सहवाग (37) के विकेट गंवाए हैं। गम्भीर का विकेट 138 रन के कुल योग पर गिरा। द्रविड़ के साथ दूसरे विकेट के लिए 71 रन जोड़ ने वाले गम्भीर ने गम्भीर 99 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके लगाए।
भारत ने सहवाग के रूप में अपना पहला विकेट गंवाया था। सहवाग 37 रनों की तेज पारी खेलने के बाद कैरेबियाई कप्तान डेरेन सैमी की गेंद पर बोल्ड हुए। सहवाग ने 50 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाया।
इससे पहले, कैरेबियाई टीम की पहली पारी 590 रनों पर सिमट गई। दूसरे दिन के नाबाद बल्लेबाज फिडेल एडवडर्स और देवेंद्र बीशु तीसरे दिन बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरे लेकिन अश्विन ने जल्द ही बीशु को बोल्ड कर दिया। बीशु ने 12 रन बनाए जबकि एडवडर्स 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने पहली पारी में पांच विकेट झटके। वरुण एरॉन को तीन सफलता मिली। प्रज्ञान ओझा और इशांत शर्मा को एक-एक सफलता मिली।
डेरेन ब्रावो (166) के नेतृत्व में कैरेबियाई बल्लेबाजों ने पहले और दूसरे दिन सपाट पिच पर बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया। ब्रावो ने 284 गेंदों की अपनी पारी में 17 चौके लगाए।
उनके अलावा सलामी बल्लेबाज एड्रियन बाराथ ने 62, क्रेग ब्राथवेट ने 68, किर्क एकवडर्स ने 86, केरेन पॉवेल ने 81 और मार्लन सैमुएल्स ने 61 रनों का योगदान दिया।














