मुम्बई ।। वेस्टइंडीज के साथ वानखेड़े स्टेडियम में जारी तीसरे टेस्ट मैच को जीतने के लिए 243 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने चायकाल तक चार विकेट के नुकसान पर 148 रन बना लिए है। अब भारतीय टीम को जीत के लिए 95 रनों की दरकार है। भारतीय टीम ने सलामी बल्लेबाज गौतम गम्भीर (11), वीरेंद्र सहवाग (60), राहुल द्रविड़ (33) और सचिन तेंदुलकर (3) के विकेट गंवाए हैं। गम्भीर का विकेट 19 रन के कुल योग पर गिरा जबकि सहवाग 101 रन के कुल योग पर आउट हुए। सचिन 106 रन के कुल योग पर और द्रविड़ 113 रन के कुल योग पर पवेलियन लौटे।
सहवाग ने 65 गेंदों की अपनी तेज पारी में आठ चौके लगाए। द्रविड़ ने 49 गेंदों पर एक चौका लगाया। वी.वी.एस. लक्ष्मण 19 और विराट कोहली 20 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों बल्लेबाज पांचवें विकेट के लिए 35 रन जोड़ चुके हैं। भारत के पास जीत के लिए 30 ओवर शेष हैं।
इससे पहले, भारतीय टीम ने पांचवें दिन शनिवार को भोजनावकाश से पहले मेहमान टीम के आठ विकेट झटककर उसकी दूसरी पारी 134 रनों पर समेट दी। इस तरह मेहमान टीम को 242 रनों की बढ़त प्राप्त हुई।
भारत की ओर से प्रज्ञान ओझा और रविचंद्रन अश्विन ने घातक गेंदबाजी की। प्रज्ञान ने जहां छह बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई वहीं अश्विन ने चार विकेट अपनी झोली में डाले।
सुबह के सत्र में नियमित अंतराल पर मेहमान टीम के विकेट गिरते रहे। शुक्रवार को नाबाद लौटे क्रेग ब्राथवेट 35 रन बनाकर और श्रृंखला में दूसरा शतक जड़ने वाले डेरेन ब्रावो 48 रन बनाकर ओझा के शिकार बने।
इसके बाद कैरीबियाई टीम का कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका और मार्लन सैमुएल्स (0), काल्र्टन बाघ (1), केरेन पॉवेल (11) और रवि रामपाल (0) के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए।
इसके बार कप्तान डेरेन सैमी 10 और देवेंद्र बीशु शून्य के स्कोर पर अश्विन के शिकार बने। फिडेल एडवडर्स दो रन बनाकर नाबाद लौटे। मेहमान टीम के तीन खिलाड़ी शून्य पर आउट हुए।
मेहमान टीम ने पहली पारी 590 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में भारतीय टीम 482 रन बनाकर आउट हो गई। इस तरह पहली पारी के आधार पर उसे 108 रनों की बढ़त हासिल हुई थी।














