मास्को ।। रूसी प्रधानमंत्री व्लादमीर पुतिन की युनाइटेड रशिया पार्टी को संसदीय चुनाव में तगड़ा झटका लगा है। संसद में उनका समर्थन घट गया है।
वेबसाइट ‘बीबीसी डॉट को डॉट यूके’ के अनुसार, केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने कहा है कि 85 प्रतिशत मतों की गिनती पूरी हो जाने के बाद यूनाइटेड रशिया पार्टी के हिस्से में मात्र 50 प्रतिशत वोट आए हैं, जबकि 2007 के चुनाव में इसे 64 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए थे।
इस चुनाव को पुतिन की लोकप्रियता के एक परीक्षण के रूप में देखा जा रहा है, जो मार्च में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मैदान में उतरेंगे। दूसरी ओर विपक्षी दलों ने निर्वाचन कानून के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
रूस के एकमात्र निगरानी संगठन, गोलोस ने कहा है कि उसने चुनावी कानूनों के कथित उल्लंघनों के लिए 5,300 शिकायतें दर्ज कराई है।
यदि परिणाम की पुष्टि हो गई, तो यूनाइटेड रशिया पार्टी का संसद में दो-तिहाई बहुमत समाप्त हो जाएगा। वह बहुमत, जिसके कारण उसे संवधिान में परिवर्तन का अधिकार मिला हुआ था।
बहरहाल, पार्टी अध्यक्ष बोरिस ग्रीजलोव ने कहा है कि पार्टी को ड्यूमा में बहुमत मिलने की उम्मीद है।
निर्वाचन आयोग ने कहा है कि कम्युनिस्ट पार्टी 19.1 प्रतिशत वोट पाकर दूसरे स्थान पर है। अ जस्ट रशिया 13 प्रतिशत मत के साथ तीसरे स्थान पर है और राष्ट्रवादी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ रशिया को 11.8 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए हैं।














