मास्को ।। रूस की सत्ताधारी यूनाइटेड रशिया पार्टी को चार दिसम्बर के संसदीय चुनाव में स्टेट ड्यूमा में 238 सीटों के साथ बहुमत हासिल हो गया है। जबकि पिछली संसद में उसे दो-तिहाई बहुमत प्राप्त था।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार, केंद्रीय चुनाव आयोग के उपप्रमुख, लियोनिद इवलेव ने कहा है कि कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ द रशियन फेडरेशन ने 92 सीटें जीती है। लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ रशिया को 56 सीटें हासिल हुई हैं और अ जस्ट रशिया को 64 सीटें मिली हैं।
इवलेव ने कहा कि कुल मतदान 60.21 प्रतिशत हुआ था। शुक्रवार शाम घोषित परिणामों से पता चला है कि प्रधानमंत्री व्लादमीर पुतिन की पार्टी को 77 सीटों का नुकसान हुआ है, और पार्टी को सदन में मात्र बहुमत भर हासिल हो सकता है।
पिछली संसद में यूनाइटेड रशिया पार्टी को दो-तिहाई बहुमत प्राप्त था। जिसके चलते उसे संविधान में अपनी मर्जी से बदलाव करने की पूरी आजादी मिली हुई थी।
चुनाव में यूनाइटेड रशिया पार्टी के पक्ष में व्यापक चुनावी धांधली किए जाने के आरोप लगे हैं। राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव ने कहा है कि इन आरोपों की जांच किए जाने की आवश्यकता है।














