नई दिल्ली ।। न्यूजीलैंड के खिलाफ होबार्ट में अपने करियर का पहला शतक लगाकर मैन ऑफ द मैच खिताब जीतने वाले आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने कहा है कि भारतीय टीम के साथ होने वाली आगामी श्रृंखला बेहद प्रतिस्पर्धी होगी। वार्नर ने कहा कि उन्हें इस श्रृंखला का बेसब्री से इंतजार है। वार्नर ने कहा, “मेरा पहला शतक खास था लेकिन अगर मेरी टीम जीतती तो मुझे ज्यादा खुशी होती। इस टेस्ट के माध्यम से मैंने अपनी काबिलियत साबित कर दी है और अब उम्मीद है कि भारत के खिलाफ 26 दिसम्बर से होने वाले टेस्ट मैच में मुझे मौका जरूर मिलेगा।”
“यह टेस्ट मेरे लिए खास होगा क्योंकि भारत के साथ होने वाली कोई भी श्रृंखला बेहद प्रतिस्पर्धी होती है। मैंने बीती श्रृंखला में भारत के खिलाफ खेला था और मैं जानता हूं कि खिलाड़ियों और लोगों के अंदर इस श्रृंखला को लेकर बराबर उत्सुकता है।”
वार्नर ने एक बार फिर अपने टेस्ट करियर में भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के योगदान को याद किया। वार्नर ने कहा, “दिल्ली डेअरडेविल्स के लिए आईपीएल में खेलते हुए सहवाग ने मुझे जो अनमोल संदेश दिया था, उससे मुझे बड़ा बल मिला था।”
“सहवाग के अलावा डेनियल विटोरी, ग्लेन मैक्ग्राथ, गौतम गम्भीर, मोर्ने मोर्कल, आशीष नेहरा और दिनेश कार्तिक ने मेरा हौसला बढ़ाया था। इस कारण मैं अपने करियर को गम्भीरता से ले सका और एक परिपक्व खिलाड़ी के तौर पर सामने आ सका।”














