नई दिल्ली, Hindi7.com ।। केंद्र की यूपीए सरकार द्वारा संसद में एक कमजोर लोकपाल विधेयक को रखे जाने के विरोध में अन्ना हजारे और उनके समर्थकों ने पूरे देश में इस विधेयक की प्रतियां जलाईं। अन्ना ने कहा कि यह विधेयक देश की जनता के साथ धोखा है। इसके साथ ही अन्ना ने 16 अगस्त से शुरू होने वाले अपने अनशन के प्रण को भी दोहराया और कहा कि यह तब तक खत्म नहीं होगा, जब तक कि केंद्र की सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ एक मजबूत लोकपाल का प्रावधान नहीं कर करती।
अन्ना ने अपने गांव महाराष्ट्र के रालेगांव सिद्धि में सरकारी लोकपाल विधेयक की प्रतियों को जलाने के बाद कहा कि मैंने कमजोर लोकपाल विधेयक के लिए अनशन नहीं किया था। अप्रैल में सरकार ने यह कहते हुए मेरा अनशन तुड़वाया था कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त प्रावधानों वाला विधेयक लाएगी। अब सरकार अपने किए वादे से मुकर गई है और एक ऐसा लोकपाल विधेयक लाया गया है, जो शिकायत करने वालों पर ही ज्यादा सख्त है। 16 अगस्त से, जब मैं दोबारा आंदोलन शुरू करूंगा, तो इस बार किसी के झूठे वादे पर अनशन नहीं तोड़ूंगा।
इधर, दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद जिले के कौशांबी में अरविंद केजरीवाल, प्रशांत भूषण और किरण बेदी सहित बड़ी संख्या में लोगों ने सरकारी लोकपाल विधेयक की प्रतियों को जलाया।














