भोपाल ।। मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस की रात राजधानी भोपाल में बालीवुड की नायिका हेमा मालिनी और पाश्र्व गायिका आशा भोसले के नाम रही। इन दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों ने हर किसी का दिल जीत लिया। हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका दुर्गा ने जहां नारी सशक्तिकरण की छवि पेश की वहीं आशा भोसले के गीतों ने गुजरे जमाने की याद ताजा कर दी।

मध्य प्रदेश ने एक नवंबर को अपना 56वां स्थापना दिवस मनाया। राज्य स्तरीय समारोह मंगलवार की रात को राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में आयेाजित किया गया। इस समारोह में जहां प्रदेश के कलाकारों के सहयोग से कार्यक्रम पेश किए गए, वहीं हेमा मालिनी ने नृत्य नाटिका दुर्गा के जरिए नारी की ताकत का प्रदर्शन किया गया। हेमा मालिनी व उनके दल का नृत्य समन्वय मनमोह लेने वाला था। उनकी भाव भंगिमा ने नृत्य को और आकर्षक बना दिया। तीन भागों की प्रस्तुति दी गई। इस नृत्य नाटिका को दर्शकों की भरपूर सराहना मिली।

नृत्य नाटिका के बाद गायिका आशा भोसले की गीत संध्या मध्य रात्रि 12 बजे के बाद शुरू हुई। आशा भोसले ने अपने पुराने व प्रमुख गीतों को गाकर गुजरे जमाने की याद ताजा कर दी। आशा भोसले ने अपनी पसंद के साथ दर्शकों की पसंद के गीत सुनाकर महफिल को और रंगीन बना दिया।

राजधानी में आयोजित इस समारोह में बेटियों पर केंद्रित लेजर शो का प्रदर्शन किया गया। इस लेजर शो को मौजूद लोगों ने दिल थाम कर देखा। बुजुर्गो से लेकर बच्चों तक ने इस आयोजन का खूब मजा लिया। वहीं इस मौके पर हुई आतिशबाजी से पूरा आकाश ही रोशन हो उठा। रंग बिरंगी आतिशबाजी से ऐसा लगा मानो दीपावली आज ही हो।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here