नई दिल्ली ।। बॉलिवुड ने गजल सम्राट जगजीत सिंह को फिल्मी गीतों में आत्मा ले आने वाली शख्सियत बताया है। फिल्म जगत के लोगों ने उन्हें भावपूर्ण संगीत का सम्राट कहा है और उनके निधन को निजी क्षति बताया है।

सिंह का सोमवार सुबह आठ बजे मुम्बई के लीलावती अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें मस्तिष्काघात की शिकायत के बाद 23 सितम्बर को अस्पताल में दाखिल कराया गया था। अब उनके घर में सिर्फ उनकी पत्नी चित्रा हैं।

प्रख्यात अभिनेता अनुपम खेर ने कहा है, “जगजीत सिंह का निधन निजी क्षति है। उनका संगीत सुखद और शांति देने वाला था। उनके संगीत का सीधे दिल से सम्पर्क होता था। वह प्रचार में यकीन नहीं रखते थे, वह बहुत व्यावहारिक थे। उनके संगीत से हर कोई जुड़ जाता था।”

फिल्मकार महेश भट्ट ने ट्विटर पर लिखा, “जगजीत सिंह के योगदान के बिना मेरी फिल्म ‘अर्थ’ लाखों लोगों के दिलों को नहीं छू पाती।”

स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर ने कहा, “जगजीत सिंह के निधन के विषय में सुनकर मैं सदमे में हूं। यह बहुत बड़ा नुकसान है। उनके साथ ही संगीत का एक युग समाप्त हो गया। वह अकेले ऐसे कलाकार थे जिन्हें फिल्मों की लोकप्रियता की आवश्यकता नहीं थी। उनकी गजलें तुरंत लोकप्रिय हो जाती थीं।”

अभिनेता शाहरुख खान ने कहा, “जगजीत जी के निधन के विषय में सुनकर बहुत दुखी हूं। अल्लाह उनकी आत्मा को सुकून दे।”

निर्माता-निर्देशक करन जौहर ने कहा, “मैं जगजीत सिंह को सुनता हुआ बड़ा हुआ हूं.. मेरी मां उनकी बहुत बड़ी प्रशंसक थीं फिर मैं भी उनका प्रशंसक बन गया। उनकी आत्मा को शांति मिले। हमने सच में एक महान गायक को खो दिया है।”

अभिनेता अक्षय कुमार ने लिखा, “संगीत सम्राट जगजीत सिंह के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। उनकी गजल ‘तुम इतना जो मुस्कुरा रहे हो’ मुझे धुंधलके में ले जाती है।”

पाश्र्व गायिका आशा भोंसले ने कहा, “मैं कल्पना भी नहीं कर सकती कि अब मैं उनकी मखमली आवाज नहीं सुन सकूंगी, उनसे बातें नहीं कर सकूंगी या उनके नए गीत नहीं सुन सकूंगी। अब हमारे पास बस उनकी पुरानी गजलें हैं। उनकी सुरीली आवाज और उनका नेक स्वभाव उनके साथ चला गया है। वह भारत का गौरव थे। मैं उनकी पत्नी चित्रा के लिए भी बहुत बुरा महसूस कर रही हूं, अब वह एकदम अकेली हो गई हैं।”

शबाना आजमी, शेखर कपूर, प्रीति जिंटा, कबीर बेदी, मधुर भंडारकर और श्रेया घोषाल ने भी सिंह के निधन पर शोक जताया।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here