मुम्बई ।। बच्चन परिवार के घर जलसा में मंगलवार को बॉलिवुड महिला हस्तियों का तांता लगा रहा। सभी अभिनेत्री ऐश्वर्या राय की गोद भराई की रस्म में शामिल होने के लिए पहुंची थीं। बीते दौर की सायरा बानो, आशा पारिख और डिम्पल कपाड़िया जैसी हस्तियों ने ऐश्वर्या और उनके पति अभिषेक बच्चन को शुभकामनाएं व आशीर्वाद दिया।

बॉलिवुड महानायक अमिताभ बच्चन का बांद्रा स्थित घर फूलों से सजा हुआ था और पूरी दोपहर यहां बहुत से लोग जमा रहे।

इस अवसर पर ऐश्वर्या ने नारंगी रंग की भारतीय पोशाक पहनी थी। मेहमानों की बात मानें तो वह इस पोशाक में अलौकिक दिख रही थीं, उनके चेहरे पर चमक थी। ऐश्वर्या को आठ महीने का गर्भ है।

सायरा ने एक न्यूज चैनल से कहा, “ऐश्वर्या ‘चांद का टुकड़ा’ लग रही थीं। वह बहुत खूबसूरत दिख रही थीं। हमने अभिषेक व ऐश्वर्या को शुभकामनाएं दीं।” सायरा ने ऐश्वर्या को उपहार में एक सोने का सिक्का दिया।

‘निम्बूड़ा’, ‘ताल से ताल मिला’ और ‘बरसो रे’ जैसे गीतों के लिए ऐश्वर्या को नृत्य निर्देशित कर चुकीं सरोज खान ने बताया, “मैंने इससे पहले कभी भी इतनी महिला फिल्मी हस्तियों को एक साथ नहीं देखा था। सभी महिलाएं ऐश्वर्या के पास जाकर उन्हें आशीर्वाद दे रही थीं। जया बच्चन व्यक्तिगत रूप से हर व्यक्ति का गर्मजोशी के साथ स्वागत कर रही थीं। यहां तक कि उनकी बेटी श्वेता भी मेहमानों का खास ख्याल रख रही थी। वहां जश्न का माहौल था।” उन्होंने बताया कि इस अवसर पर अभिषेक भी बहुत खुश दिख रहे थे।

मेकअप कलाकार मिकी कांट्रेक्टर ने ऐश्वर्या की इस खास दिन के लिए तैयार होने में मदद की थी।

अन्य मेहमानों में उर्मिला मातोंडकर, ट्विंकल खन्ना, सोनाली बेंद्रे, मान्यता दत्त, ऋतु नंदा, नीतू कपूर, नीलम कोठारी, माना शेट्टी, वैभवी मर्चेट, पूनम सिन्हा, डिजाइनर द्वय अबू जानी-संदीप खोसला, करन जौहर व अन्य मौजूद थे।

ऐश्वर्या नवंबर-मध्य में बच्चे को जन्म देंगी।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here