मुम्बई ।। फिल्मकार रूमा जाफरी की राजनीतिक व्यंग्य आधारित फिल्म ‘गली गली में शोर है’ की पिछले सप्ताह भोपाल में शूटिंग रुक गई थी। फिल्म के मुख्य अभिनेता अक्षय खन्ना की पीठ में चोट की वजह से शूटिंग टल गई थी।

जब अक्षय से इस सम्बंध में पूछने के लिए सम्पर्क किया गया तो उन्होंने घायल होने की बात से इंकार कर दिया और कहा कि उनकी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। अक्षय ने बताया, “जब यह हुआ तब हम शूटिंग कर रहे थे। मुझे 10 दिन तक आराम करना पड़ा। यह दुखद था लेकिन हम क्या कर सकते थे, डॉक्टर्स ने ऐसा करने के लिए कहा था। पीठ में ऐंठन के कारण दर्द था लेकिन मुझे लगता है कि पूरे आराम के बाद में स्वस्थ हो जाऊंगा।”

अक्षय से पहले सन्नी देओल और अक्षय कुमार को भी शूटिंग के दौरान पीठ में चोट लगने की शिकायत हो चुकी है।

जाफरी ने बताया “हां, अक्षय की पीठ में तकलीफ थी। हमें भोपाल में तीन सप्ताह के लिए शूटिंग टाल देनी पड़ी। हम मुम्बई लौट आए हैं लेकिन हम 10 अक्टूबर से दोबारा शूटिंग शुरू करेंगे। उम्मीद है कि अक्षय तब तक स्वस्थ हो जाएंगे।”

जब उनसे पूछा गया कि अक्षय को यह तकलीफ कैसे हुई तो इस पर उन्होंने कहा, “यह मारधाड़ का नहीं सामान्य दृश्य था। अक्षय शूटिंग कर रहे थे लेकिन दिन चढ़ने के साथ उनका दर्द बुरी तरह बढ़ गया। ऐसा शायद इसलिए हुआ कि उन्होंने एक स्कूटर पर बहुत देर तक शूटिंग की थी। बाद में उनका दर्द बहुत बढ़ गया और हमें शूटिग रोककर मुम्बई लौटना पड़ा।”

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here