भोपाल ।। फिल्म अभिनेता शाहरुख खान ने कहा है कि उनकी आने वाली फिल्म ‘रा-वन’ पूरी तरह पारिवारिक है। जिसमें ऐसा सुपरमैन है जो उड़ता है और हंसाता भी है, इतना ही नहीं वह युवा पीढी को सीख भी देता है।
फिल्म के प्रमोशन के लिए भोपाल आए किंग खान ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि उनकी आने वाली फिल्म ‘रा-वन’ के एक दृश्य को देखकर लोग तरह तरह का अनुमान लगा रहे हैं कि उसमें हवा में उड़ने वाला सिर्फ सुपरमैन है। वे कहते हैं कि यह ऐसा सुपरमैन है जो हवा में उड़ता है, मसल्स है, वह लोगों को हंसाता है और परिवार के साथ रहता है। यह फिल्म पूरी तरह पारिवारिक भी है। जिसमें हंसी मजाक के साथ वह सब है जो एक फिल्म में होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह फिल्म पूरा परिवार साथ देख सकता है, इसमें वह सुपरमैन है जिसे मां-बाप देखना चाहते हैं। यह फिल्म पारिवारिक मूल्यों को भी बताने वाली है। इतना ही नहीं यह युवा लड़के-लड़कियों को सीख भी देगी। यह फिल्म पूरी तरह सुपर मैन तक ही सीमित नहीं है बल्कि सुपरमैन को अलग कर देने पर यह पारिवारिक फिल्म हो जाएगी।
फिल्म को लेकर आ रही समीक्षाओं पर टिप्पणी करते हुए किंग खान ने कहा कि इस फिल्म को लेकर वे लोग राय जाहिर कर रहे हैं जिन्हें इस क्षेत्र का ज्यादा ज्ञान नहीं है। इस फिल्म को पूरा देखने के बाद ही राय जाहिर करें तो बेहतर होगा, ऐसा वे मानते है।
शाहरुख बताते हैं कि यह फिल्म कई अन्य फिल्मों से प्रेरणा लेकर बनाई गई है, जिनमें से एक क्रिश है, मगर यह क्रिश जैसी नहीं है। उनका मानना है कि यह फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी।
किंग खान ने बताया कि इस फिल्म में जो ड्रेस उन्होंने पहनी है वह लगभग 15 किलो की है, इतना ही नहीं उन्हें तैयार होने में दो से ढाई घंटे तक लग जाते थे। इस ड्रेस में जहां उपर रबर थी तो अंदर लोहे का हिस्सा। उन्हें सबसे ज्यादा उस दृश्य को फिल्माने दिक्कत आई जिसमें उन्हें कई कार के ऊपर से उड़ना था।
शाहरुख मजाकिया अंदाज में नजर आए और कई सवालों का अपने ही अंदाज में जबाव दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें काम से फुर्सत कम मिलती है क्योंकि रोटी के लिए मजदूरी करते हैं। इतना ही नहीं उनके पास तो उच्छे कपड़े तक नहीं है, यह अलग बात है कि वे फटे कपड़े पहनते हैं और वह फैशन बन जाता है।














