नई दिल्ली ।। कार निर्माता कम्पनी मारुति सुजुकी के शुद्ध लाभ में मौजूदा कारोबारी साल की दूसरी तिमाही में 59.81 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इस अवधि में कम्पनी के मानेसर संयंत्र में श्रमिकों की हड़ताल के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ।
कम्पनी ने बम्बई स्टॉक एक्सचेंज को दी जाने वाली नियमित सूचना में कहा कि उसे आलोच्य अवधि में 240.44 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ। पिछले कारोबारी साल की समान अवधि में कम्पनी का शुद्ध लाभ 598.24 करोड़ रुपये था।
इस अवधि में कम्पनी की कुल आय 14.36 फीसदी गिरावट के साथ 7,949.36 करोड़ रुपये रही।
कम्पनी के मुताबिक ईंधन की कीमत में वृद्धि और ऊंची ब्याज दरों के कारण देश के वाहन उद्योग में इस अवधि में सुस्ती देखी गई।
कम्पनी ने इस अवधि में कुल 2,52,307 कारें बेचीं, जो पिछले कारोबारी साल की समान अवधि में बिकी कारों से 19.6 फीसदी कम है।
कम्पनी की ऑल्टो, वैगनआर, जेन, स्विफ्ट और एस्टार वाली ए2 श्रेणी की बिक्री में सर्वाधिक 23.5 फीसदी की गिरावट आई, जबकि एसएक्स4 और डिजायर वाली ए3 श्रेणी की बिक्री में 21.3 फीसदी की गिरावट हुई।
कम्पनी ने कहा कि वह नया उत्पादन संयंत्र स्थापित करने के लिए गुजरात के मेहसाना जिले में भूमि खरीदेगी।
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज में कम्पनी के शेयर शुक्रवार को 2.10 फीसदी की गिरावट के साथ 1,128 रुपये पर बंद हुए।














