नई दिल्ली, Hindi7.com ।। 2जी स्पैक्ट्रम मामले में अदालत में सुनवाई के दौरान ए. राजा ने प्रधानमंत्री का नाम लेकर तहलका मचा दिया है। राजा की टिप्पणी के बाद विपक्षी भाजपा ने कांग्रेस और मनमोहन सिंह पर हमला तेज कर दिया है। भाजपा ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पी. चिदंबरम के इस्तीफे की मांग की है। अदालत में राजा ने पी. चिदंबरम का भी नाम लिया है।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा कि ए. राजा ने अदालत में जो भी कहा है कि उससे स्पष्ट हो जाता है कि 2जी स्पैक्ट्रम को लेकर जो भी फैसले हुए, वे सब प्रधानमंत्री और तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम की मौजूदगी में ही लिये गये।

गडकरी ने कहा कि हम शुरू से ही कहते आ रहे थे कि इस घोटाले में सरकार के किसी एक मंत्री की भूमिका नहीं है। अब राजा की टिप्पणी के बाद यह स्पष्ट हो चुका है।

गडकरी ने सोनिया गांधी पर किया कटाक्ष

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के त्यागपत्र की मांग करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अब वह इस बात को जानने के लिए बेहद उत्सुक हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भ्रष्टाचार के मामले में क्या रुख अपनाती हैं?

उन्होंने कहा कि मैं सोनिया जी से यह पूछना चाहता हूं कि इस प्रकरण में शामिल दोनों नेताओं पर वे क्या कार्रवाई करेंगी? दोनों नेताओं ने राजनीतिक, वैधानिक और नैतिकता के आधार पर पद पर बने रहने का अधिकार गंवा दिया है।

कांग्रेस के कपिल सिब्बल ने क्या कहा ?

केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने भाजपा की मांग को खारिज करते हुए कहा है कि विपक्ष एक अभियुक्त की बात पर इस्तीफे की मांग कर रहा है। मामले की सीबीआई जांच चल रही है और कुछ भी साबित नहीं हुआ है। ऐसे में भाजपा त्यागपत्र की मांग कैसे कर सकती है।

सिब्बल ने कहा कि भाजपा की मांग दुर्भाग्यपूर्ण है। एक अभियुक्त अपने बचाव में कुछ भी कह सकता है।

कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने क्या कहा ?

उधर, कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने भाजपा की मांग को ठुकराते हुए कहा कि एक अभियुक्त के बयान पर ऐसी मांग करना बेकार है। मामला अदालत के विचाराधीन है और सीबीआई ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी। अब आरोप तय करने के लिए बहस हो रही है, जो सरासर गलत है।

मनीष तिवारी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के मामले में भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि इसमें कई शीर्ष लोग शामिल हैं। इसी कारण से भाजपा येदियुरप्पा पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

गडकरी ने किया राजग का बचाव

गडकरी ने कहा कि 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन का घोटाला, देश के इतिहास का सबसे बड़ा घोटाला है। सीएजी के मुताबिक, इसमें 1 लाख 76 हजार करोड़ रूपये स्वाहा हो गये। वर्ष 2003 में राजग की सरकार ने यह निर्णय लिया था कि 2जी स्पेक्ट्रम का निर्णय वित्त मंत्रालय की अनुमति से हो और साथ ही ओपन ऑक्शन हो।

येदियुरप्पा मामला : रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई

भाजपा अध्यक्ष ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री वीएस येदियुरप्पा के मामले पर कहा कि उनकी येदियुरप्पा से बात हुई है। पार्टी का निर्णय उनको मान्य होगा। लोकायुक्त संतोष हेगड़े की आधिकारिक रिपोर्ट आनी बाकी है। रिपोर्ट आने के बाद उसका अध्ययन किया जाएगा। इसके बाद ही कोई उचित फैसला लिया जा सकेगा।

गडकरी ने कहा कि उन्होंने मीडिया में आई लीक रिपोर्ट के बारे में पढ़ा है, लेकिन जब तक आधिकारिक रिपोर्ट नहीं आ जाती, कोई फैसला नहीं लिया जा सकता है।

गौरतलब है कि कर्नाटक लोकायुक्त संतोष हेगड़े की रिपोर्ट में राज्य के मुख्यमंत्री सहित चार अन्य मत्रियों पर भी अवैध खनन के मामले में कई गंभीर आरोप लगाये गये हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here