जोहांसबर्ग ।। दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज हरफनमौला खिलाड़ी जैक्स कैलिस ने टेस्ट मैचों में 12,000 रन पूरे कर लिए हैं। 12 हजार या उसेस अधिक रन बनाने वाले वह टेस्ट इतिहास के चौथे बल्लेबाज हैं। कैलिस ने जोहांसबर्ग में आस्ट्रेलिया के साथ जारी दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन गुरुवार को 51 रन बनाने के साथ इस मुकाम पर पहुंचने का श्रेय हासिल किया। कैलिस इस पारी में 54 रन बना सके।

अपने करियर का 147वां टेस्ट मैच खेल रहे कैलिस ने अब तक कुल 12004 रन बनाए हैं। इसमें 40 शतक और 55 अर्धशतक शामिल हैं। शतकों की दौड़ में कैलिस सचिन तेंदुलकर (51) के बाद दूसरे स्थान पर हैं।

कैलिस से अधिक सचिन, राहुल द्रविड़ और रिकी पोंटिंग ने ही बनाए हैं। सचिन के नाम 15086 रन दर्ज हैं जबकि द्रविड़ अब तक 12979 रन बना चुके हैं। पोंटिग के खाते में 12495 रन दर्ज हैं। द्रविड़ ने 36 और पोंटिंग ने 39 शतक लगाए हैं।

कैलिस सबसे सफल दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज हैं। उनके बाद कप्तान ग्रीम स्मिथ का नाम आता है, जिनके नाम 7606 रन दर्ज हैं। इसके बाद गैरी कर्स्टन (7289), हर्शेल गिब्स (6167) और मार्क बाउचर (5299) का नाम आता है। 

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here